home page

नूरपुर में 6.44 ग्राम चिट्टे सहित पंजाब के 2 युवक काबू, मोटरसाइकिल जब्त

 | 
नूरपुर में 6.44 ग्राम चिट्टे सहित पंजाब के 2 युवक काबू, मोटरसाइकिल जब्त


धर्मशाला, 16 सितंबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर के तहत सीआईए की टीम ने 6.44 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) बरामद कर पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई को है। सीआईए नूरपुर की टीम क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी ड्यूटी पर तैनात थी। इस दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि पंजाब क्षेत्र से दो युवक मोटरसाइकिल पर मादक पदार्थ लेकर बिक्री के उद्देश्य से क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं।

प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित नाकाबंदी कर एक बिना नंबर की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल को रोककर चेकिंग की। तलाशी के दौरान दोनों युवकों के कब्जे से कुल 6.44 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई, जिसे नियमानुसार सील कर पुलिस कब्जे में लिया गया। पकड़े गए आरोपियों में अंशु पुत्र रवि चौधरी, निवासी मकान नंबर 147, वार्ड नंबर 31, ऊंची पुली, ढांगू रोड, पठानकोट (पंजाब), उम्र 21 वर्ष तथा हिमांशु चौधरी पुत्र तरसेम चौधरी, निवासी मकान नंबर 102, वार्ड नंबर 31, ऊंची पुली, ढांगू रोड, पठानकोट (पंजाब), उम्र 20 वर्ष शामिल हैं।

एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ तथा बिना पंजीकरण संख्या की मोटरसाइकिल को जब्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध मादक द्रव्य एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मामले में आरोपियों के स्थानीय संपर्कों तथा आपूर्ति श्रृंखला (फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेजेस) की गहनता से जांच की जा रही है।

नूरपुर पुलिस ने इस साल अब तक दर्ज किए 100 मामले

नूरपुर पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ की जा रही प्रभावी कार्रवाई के बीच इस साल अब तक नशा तस्करी के 100 मामले दर्ज किए हैं। दर्ज किए गए एनडीपीएस एक्ट के अधीन मामलों की कड़ी में इस साल यह 100वां मामला है, जो मादक पदार्थों के विरुद्ध पुलिस की निरंतर और दृढ़ कार्यप्रणाली को दर्शाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया