नूरपुर में 3.91 ग्राम चिट्टा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
धर्मशाला, 02 नवंबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर में एंटी चिट्टा अभियान के अन्तर्गत कार्रवाई करते हुए सीआईए टीम ने दो व्यक्तियों को 3.91 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कूटी भी बरामद की है। सीआईए नूरपुर पुलिस टीम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि जरियाल पोल्ट्री फार्म, गांव बरंडा, नूरपुर के पास एक सफेद रंग की स्कूटी नंबर एचपी38जे-0341 पर दो व्यक्ति हेरोइन लेकर किसी को बेचने की फिराक में हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर उक्त स्कूटी को चैक किया गया। स्कूटी पर बैठे दोनों व्यक्तियों की पहचान सचिन सिंह जरयाल उर्फ सच्चू, पुत्र रछपाल सिंह जरयाल, निवासी गांव व डाकघर बरंडा, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा, आयु 36 वर्ष तथा अजय चौहान पुत्र जोगिन्द्र सिंह चौहान, निवासी गांव व डाकघर बरंडा, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा, आयु 35 वर्ष के रूप में हुई।
बरामद हेरोइन को नियमानुसार कब्जा पुलिस में लेकर सील किया गया। इस संबंध में पुलिस थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर बाद में जमानत पर रिहा किया गया है। मामले में आगामी जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

