भदरोया में घर से पकड़े गए चिट्टे के मामले में हुई चौथी गिरफ्तारी, मिला पुलिस रिमांड
धर्मशाला, 10 जून (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर के तहत थाना डमटाल के भदरोया क्षेत्र में बीते 15 मई को मां-बेटे के कब्जे से पकड़ी गई 41.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के मामले में आगामी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस द्वारा की गई यह चौथी गिरफ्तारी है। आरोपी सौरभ रैना (उम्र 27 वर्ष), पुत्र स्व. जनक राज रैना, निवासी वार्ड नम्बर 7, मोहल्ला नियाजपुर, डाकखाना व तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा को नूरपुर बाजार में कोर्ट परिसर के समीप से पुलिस की टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया। इस मामले में थाना डमटाल में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई चल रही है।
गौरतलब है कि बीते 15 मई को सीआईए टीम ने भदरोया में एक रिहायशी मकान में सिलाई मशीन के नीचे छिपाई गई 41.40 ग्राम हेरोइन बरामद की थी, जिसमें मुख्य आरोपी वनीता देवी और उसके बेटे अमन को मौके पर गिरफ्तार किया गया था। तफ्तीश के दौरान पुलिस ने इसके बैकवर्ड लिंकेज (नशे के स्रोत) का पर्दाफाश करते हुए मनमोहन सिंह उर्फ बीरू को गिरफ्तार किया था और अब इसी कड़ी में आगे फॉरवर्ड लिंकेज (नशे के खरीदार) से जुड़े चौथे आरोपी सौरभ रैना को दबोचा गया है।
गिरफ्तार आरोपी सौरभ रैना को अदालत में पेश किया गया है जहां से आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि नशे के सिंडिकेट को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड दोनों कड़ियों पर पुलिस की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

