कांगड़ा में दो मामलों में 46.91 ग्राम चिट्टा बरामद, महिला सहित चार अन्य नशा तस्कर काबू
धर्मशाला, 14 जुलाई (हि.स.)। जिला पुलिस कांगड़ा द्वारा जिले भर में नशा तस्करों, अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को दो मामलों में 46.91 ग्राम चिट्टा पकड़ा गया है। इन मामलों में एक महिला सहित चार अन्य नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पहले मामले में पुलिस थाना धर्मशाला के तहत पुलिस चौकी योल की टीम ने इक्कू ब्रिज (ग्राम पंचायत जदरंगल) के समीप एक टैक्सी नम्बर एचपी-01डी-9708 की तलाशी के दौरान 13.90 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित की पहचान गौरव शर्मा (25 वर्ष), निवासी गांव एवं डाकघर पड्डर, तहसील धर्मशाला, जिला कांगड़ा, अंकज कुमार (36 वर्ष), निवासी गांव जदरंगल, डाकघर पड्डर, तहसील धर्मशाला, जिला कांगड़ा तथा अभिषेक कुमार (30 वर्ष), निवासी गांव एवं डाकघर बंदला, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
वहीं दूसरे मामले में सीआईए कांगड़ा की टीम ने पुलिस थाना शाहपुर के अंतर्गत लदवाड़ा चौक, शनि देव मंदिर के समीप नाकाबंदी एवं नियमित जांच के दौरान एक महिला व अन्य नशा तस्कर के कब्जे से 33.01 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने मौके पर मोटरसाइकिल को भी नियमानुसार कब्जे में ले लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में विनोद कुमार (24 वर्ष), निवासी गांव बलरामपुर, डाकघर तालीर, थाना नगोई, तहसील सुजानपुर, जिला सुजानपुर, उत्तर प्रदेश तथा सुनीता उर्फ वीरी (45 वर्ष), निवासी गांव टांडा नेड़ा, रावैली फाटक, थाना दसूआ, जिला होशियारपुर, पंजाब शामिल है। दोनों के खिलाफ शाहपुर पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

