नूरपुर में मंदिर के बाहर चिट्टा बेचने की फिराक में बैठा युवक 2.86 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार
धर्मशाला, 09 अगस्त (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बीती रात ने एक आरोपी को चिट्टे के साथ धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है। यह कामयाबी पुलिस चौकी कंडवाल और पुलिस थाना नूरपुर की टीम को उस समय मिली जब नागनी माता मंदिर कंडवाल के बाहर मुख्य सड़क मार्ग एक युवक चिट्टा बेचने की फिराक में था। इससे पहले कि वह इसमें कामयाब हो पाता, पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए 2.86 ग्राम चिट्टा/हैरोइन के साथ युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि निखिल राणा (26) पुत्र जगदीश चन्द जोकि फतेहपुर का रहने वाला है, हाथ में काले रंग का पॉलीथिन लिफाफा लेकर नागनी माता मंदिर के बाहर एनएच-154 की सर्विस लेन पर खड़ा है तथा उक्त लिफाफे में चिट्टा/हैरोइन है, जिसे वह श्रद्धालुओं को बेचने की फिराक में है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर युवक को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2.86 ग्राम चिट्टा/हैरोइन बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लिया गया। इस संबंध में पुलिस थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

