दो नशा तस्करों की 49.44 लाख की संपत्ति चिन्हित, जल्द होगी जब्त
धर्मशाला, 28 सितंबर (हि.स.)। कांगड़ा पुलिस ने मादक पदार्थों से जुड़े दो मामलों में आरोपियों की संभावित अवैध अर्जित संपत्ति की पहचान कर करीब 49.44 लाख रुपये की संपत्ति चिन्हित की है। पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत की गई वित्तीय जांच के बाद दोनों मामलों की रिपोर्ट नियमानुसार सक्षम प्राधिकारी को भेज दी है। चिन्हित संपत्तियों में दो आवासीय मकान और एक वाहन शामिल है।
मिली जानकारी के अनुसार शाहपुर थाने में दर्ज प्राथमिकी संख्या 109/52, दिनांक 16 सितंबर 2025 में आरोपी शम्मी कपूर निवासी धन, डाकघर मतलाहर, तहसील जवाली से 1.705 ग्राम चरस बरामद की गई थी। मामले में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20, 25 और 29 के तहत कार्रवाई की गई। वित्तीय जांच के दौरान आरोपी का एक आवासीय मकान और टाटा पंच वाहन संख्या एचपी-54डी-7303 चिन्हित किया गया। दोनों की कुल आकलित कीमत 28,97,107 रुपये बताई गई है। इसी तरह पालमपुर थाने में दर्ज प्राथमिकी संख्या 35/2026, दिनांक 1 अप्रैल 2026 में आरोपी सुमीर चंद उर्फ राजू निवासी चौकी खलेट, तहसील पालमपुर से 5.59 ग्राम चरस और 5.84 ग्राम हेरोइन-चिट्टा बरामद हुआ था। इस मामले में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 और 21 के तहत मामला दर्ज किया गया। वित्तीय जांच में आरोपी का 20,46,939 रुपये की आकलित कीमत वाला आवासीय मकान चिन्हित किया गया है।
पुलिस एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने स्पष्ट किया है कि एनडीपीएस मामलों में कार्रवाई केवल मादक पदार्थों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। नशे के अपराध से संभावित रूप से अर्जित संपत्ति की वित्तीय जांच कर ऐसी संपत्तियों की पहचान और उनके संबंध में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

