नशा तस्करी के मामले में वांछित नशा तस्कर पंजाब के फिलौर से गिरफ्तार, धर्मशाला जेल भेजा
धर्मशाला, 10 जून (हि.स.)। नूरपुर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही निवारक निरुद्ध कार्रवाई के तहत वांछित तीसरे आरोपी राज कुमार उर्फ राजू, पुत्र स्वर्गीय अशोक कुमार, निवासी ग्राम टोकी, तहसील इंदौरा को पंजाब के फिलौर से हिरासत में ले लिया है। इस कार्रवाई के तहत कुल तीन आरोपियों को हिरासत में लिया जाना था, जिनमें से दो आरोपियों को पिछले कल ही हिरासत में लिया जा चुका था। वहीं बुधवार को तीसरे आरोपी राज कुमार उर्फ राजू की गिरफ्तारी के साथ ही सभी तीनों आरोपी अब पुलिस हिरासत में हैं।
गौरतलब है कि आरोपी राज कुमार के विरुद्ध पूर्व में अवैध नशा तस्करी के दो मामले दर्ज हैं। जिनमें पुलिस थाना नूरपुर में 6.15 ग्राम चिट्टा बरामदगी और पुलिस थाना डमटाल में 11.69 ग्राम चिट्टा बरामदगी शामिल हैं।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि आरोपी की निरंतर आपराधिक संलिप्तता को देखते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार के गृह विभाग द्वारा इसके खिलाफ 3 महीने के लिए निवारक निरूद्ध (नजरबंदी) के आदेश जारी किए गए थे। हिरासत में लेने के बाद आरोपी को आगामी आवश्यक कार्यवाही हेतु पुलिस थाना डमटाल के सुपुर्द किया गया है जहां प्रक्रिया पूरी करके आरोपी को सरकार के आदेशानुसार जिला जेल कांगड़ा स्थित धर्मशाला में तीन महीने की अवधि के लिए निरूद्ध रखा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

