दो कुख्यात नशा तस्करों को तीन माह के लिए निवारक हिरासत, जेल भेजे
धर्मशाला, 24 मार्च (हि.स.)। कांगड़ा जिला के पालमपुर पुलिस थाना के तहत नशा तस्कर पति पत्नी को तीन माह के लिए निवारक हिरासत में धर्मशाला की जेल भेजा गया है। यह दोनों पति पत्नी नशा तस्करी के आरोपी हैं जो बार बार एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार हो चुके हैं। बावजूद इसके इन दोनों ने नशे के कारोबार को बंद नही किया जिसके चलते उन्हें अब धर्मशाला स्थित जिला कारावास में तीन माह के बंद कर दिया गया है।
आरोपी सागर शर्मा पुत्र नरेश शर्मा निवासी गांव पडेर डाकघर बल्लह, तहसील पालमपुर जिला कांगड़ा उम्र 34 साल व आरोपिता ज्योति पत्नी सागर शर्मा हाल वार्ड नम्बर 6 गांव व डाकघर विन्द्रावन तहसील पालमपुर जिला कांगड़ा उम्र 38 साल शामिल हैं। दोनों आरोपियों के विरूद्ध थाना पालमपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से संबंधित चार चार मामले दर्ज हैं। इस दौरान उनके कब्जे से हेरोइन/चिट्टा व चरस बरामद की गई थी। बार-बार गिरफ्तारी एवं जमानत पर रिहा होने के बावजूद दोनों द्वारा नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी की गतिविधियां जारी रखी।
पुलिस एवं अन्य खुफिया रिपोर्टों से यह स्पष्ट हुआ कि यह दोनों कुख्यात तस्कर क्षेत्र में नशीले पदार्थों की आपूर्ति और वितरण में सक्रिय रूप से संलिप्त है, जिससे विशेषकर युवाओं के स्वास्थ्य एवं समाज की शांति व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। जिस पर पुलिस द्वारा दोनों तस्करों आरोपी सागर शर्मा व ज्योति के खिलाफ स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम (पीआईटी एनडीपीएस एक्ट), 1988 के अंतर्गत निवारक हिरासत के सम्बन्ध में 2 जनवरी 2026 को प्रोपोजल तैयार करके उच्चाधिकारियों के माध्यम से सक्षम प्राधिकारी को भेजा गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

