home page

देहरा पुलिस ने एक मामले में सवा किलो से अधिक आभूषण और 90 लाख की नकदी की बरामद

 | 
देहरा पुलिस ने एक मामले में सवा किलो से अधिक आभूषण और 90 लाख की नकदी की बरामद


देहरा पुलिस ने एक मामले में सवा किलो से अधिक आभूषण और 90 लाख की नकदी की बरामद


धर्मशाला, 05 अगस्त (हि.स.)। पुलिस जिला देहरा ने एक मामले में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में भारतीय करंसी और अमेरिकी डॉलर सहित एक किलो से अधिक सोने चांदी के आभूषण बरामद कर तीन लोगों को पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई बीते 29 जून 2026 को पुलिस थाना रक्कड़ में शिकायतकर्ता अविनाश पुत्र देशराज, निवासी गांव मौआं, तहसील रक्कड़, जिला कांगड़ा द्वारा एक लिखित शिकायत पत्र पर की है। उक्त शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसके लगभग 4 से 4.5 किलोग्राम आभूषण (सोना, चांदी व हीरा) तथा 2.5 करोड़ रुपये की नकदी एवं आवश्यक दस्तावेजों (पासपोर्ट व जमीनी दस्तावेज) को इसके रिश्तेदारों द्वारा बेईमानी की नीयत से छुपाया हुआ है।

शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस थाना रक्कड़ द्वारा मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता द्वारा उपरोक्त घटना की रिपोर्ट करीब 3 माह बाद पुलिस के संज्ञान में लाई गई थी जिस कारणवश कोई ठोस साक्ष्य उपलब्ध नहीं थे। बावजूद इसके मामले की गहन एवं निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस अधीक्षक पुलिस जिला देहरा द्वारा एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देहरा, एसएचओ ज्वालामुखी, राम प्रसाद जसवाल, निरीक्षक सुरिन्दर सिंह, थाना प्रभारी डाडासिबा, उपनिरीक्षक ईलम दीन प्रभारी पुलिस थाना रक्कड़, सावन प्रभारी साईबर सैल की देखरेख में शामिल किया गया। मामले की प्रारंभिक जांच एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विशेष जांच टीम ने एक जुलाई 2026 को आरोपी राजकुमार व तृप्ता देवी निवासी निहारी तहसील रक्कड़ जिला कांगड़ा और राजकुमारी व प्रतीक्षा शर्मा निवासी कटोह, तहसील रक्कड़ जिला कांगड़ा को गिरफ्तार किया तथा एक संदिग्ध ब्रीफकेस, 801 यूएस डॉलर, पासपोर्ट व जमीनी दस्तावेज तथा कुछ सोना/हीरा आभूषणों को बरामद किया।

जांच के दौरान प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नेहा, हरवंश व बृज भूषण निवासी डेरा बस्सी, मोहाली, पंजाब के रिहायशी मकान की तलाशी ली गई, जहां से मामले में वांछित नकदी, आभूषण (सोना, व हीरा) बरामद किए गए। इस आधार पर उपरोक्त तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वर्तमान में दो अन्य आरोपी प्रतिभा शर्मा एवं भारती द्वारा उच्च न्यायालय, शिमला से अग्रिम जमानत ली गई है जिन्हें भी जांच में शामिल किया जा रहा है।

एसपी देहरा ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि अब तक की जांच में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा 2 आरोपी अग्रिम जमानत पर रिहा हैं। मामले में संलिप्त संपत्ति में से कुल 90 लाख रुपये नकद राशि, 801 यूएस डॉलर, पासपोर्ट व जमीनी दस्तावेज तथा 1 किलो 324 ग्राम सोना व अन्य आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये है, बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में शेष नकद राशि व आभूषणों, की बरामदगी हेतु अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका तथा घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया