home page

धर्मशाला में 27 वर्षीय युवती का अधजला शव मिलने से सनसनी

 | 

धर्मशाला, 21 नवंबर (हि.स.)। धर्मशाला के चीलगाड़ी में एक 27 वर्षीय युवती का जला हुआ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शनिवार सुबह करीब सात बजे पुलिस थाना धर्मशाला को युवती के जलने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घर के समीप स्थानीय सड़क के पास युवती का शव पड़ा हुआ था। मृतका की पहचान शबनम (27) पुत्री चरण दास निवासी वार्ड नंबर छह, चिलगाड़ी, धर्मशाला के रूप में हुई है। वह मूल रूप से करेरी शाहपुर गांव की रहने वाली थी और वर्ष 2023 से अपने परिवार के साथ चिलगाड़ी में रह रही थी।

पुलिस के अनुसार शबनम प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी और अपनी बहन के साथ चंडीगढ़ की एक निजी कंपनी में भी काम करती थी। वह करीब 10-11 दिन पहले ही चंडीगढ़ से घर लौटी थी। शनिवार सुबह करीब छह बजे वह घर से निकली थी। कुछ समय बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने घर से दिखाई देने वाली जगह पर कुछ जलता हुआ देखा। मौके पर पहुंचे लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। परिजन भी इस संबंध में अनजान हैं। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका की बहन चंडीगढ़ से धर्मशाला पहुंच रही है। पुलिस को उसकी विस्तृत जानकारी और बयान से घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है। एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया