नूरपुर में लापता व्यक्ति का पेड़ से लटका मिला शव, आत्महत्या का मामला दर्ज
धर्मशाला, 16 मार्च (हि.स.)। पुलिस थाना नूरपुर में बीते दिन दर्ज युवक की गुमशुदगी के मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद उक्त युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला है। फिलहाल पुलिस ने आत्महत्या का मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।
गौरतलब है कि बीते दिन केवल कुमार पुत्र सुरेश कुमार निवासी वार्ड नम्बर 3 नूरपुर, जिला कांगड़ा (आयु लगभग 35 वर्ष) के संबंध में परिजनों ने पुलिस थाना नूरपुर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त जब तलाश शुरू की तो उक्त व्यक्ति का शव डिफेंस रोड, जब्बर खड्ड के पास पेड़ से लटका हुआ बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस थाना नूरपुर की टीम मौके पर पहुंची तथा फोरेंसिक की टीम को भी सूचित किया गया, जिन्होंने मौके का निरीक्षण किया।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। परिजनों के बयान दर्ज किए गए, जिनके अनुसार मृतक का अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मृतक ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या की है। मामले में कोई संदिग्ध परिस्थिति या आपराधिक तत्व सामने नहीं आया है। मृतक का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल नूरपुर में करवाया गया। आवश्यक कानूनी कार्यवाही पूर्ण करते हुए बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्यवाही की गई। पोस्टमार्टम के उपरांत शव को अंतिम संस्कार हेतु मृतक के भाई सुनील कुमार को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होना शेष है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

