home page

डमटाल में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

 | 

धर्मशाला, 05 अक्टूबर (हि.स.)। कांगड़ा जिला के पुलिस थाना डमटाल में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों के मामले में पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मृतका के पिता ओम प्रकाश की शिकायत पर पति सहित सास, ससुर और ननंद के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि ओम प्रकाश निवासी डमटाल द्वारा सूचना दी गई कि उनकी बेटी सिमरन, जिसकी शादी लगभग 6 माह पूर्व हुई थी, 3 अक्टूबर 2026 की शाम अपने मायके डमटाल आई थी। इसके अगले दिन 4 अक्टूबर को सिमरन के कमरे में पंखे से फंदा लगाने की घटना सामने आई।

सूचना प्राप्त होते ही थाना डमटाल पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक साक्ष्यों को सुरक्षित करने की कार्रवाई की गई। सिमरन को तत्काल उपचार हेतु सिविल अस्पताल इंदौरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना से संबंधित भौतिक साक्ष्यों के संकलन हेतु फोरेंसिक यूनिट नूरपुर की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एवं सैंपल एकत्रित किए।

पुलिस ने मृतका के पिता ओम प्रकाश के बयान नियमानुसार कलमबद्ध किए गए। इसके पश्चात पुलिस द्वारा घटना की परिस्थितियों की तस्दीक की गई तथा मृतका की माता मधु के बयान भी दर्ज किए गए। मृतका की माता के बयानों में सामने आए तथ्यों के आधार पर थाना डमटाल में बीएनएस की धारा 80(2), 108 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें मृतका के पति, सास, ससुर एवं ननद को आरोपी बनाया गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी नूरपुर द्वारा खुद घटनास्थल का दौरा कर मौके का निरीक्षण किया गया तथा जांच में जुटे पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस द्वारा मामले की निष्पक्ष एवं नियमानुसार जांच की जा रही है। जांच के दौरान प्राप्त होने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया