home page

तिब्बती मठ को दान देने के नाम पर साढ़े पांच लाख रुपये की साइबर ठगी

 | 

धर्मशाला, 19 अक्टूबर (हि.स.)।

मैक्लोडगंज में रहने वाले तिब्बती समुदाय के एक मठ के पदाधिकारियों से दान देने के नाम पर साढ़े पांच लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। शातिरों ने मठ को दान देने के बहाने ईमेल भेजकर पदाधिकारियों को अपने जाल में फंसाया। इसके बाद मठ की ओर से अलग-अलग बैंक खातों में करीब साढ़े पांच लाख रुपये की राशि भेज दी गई। ठगी का अहसास होने पर मठ के पदाधिकारियों ने साइबर अपराध पुलिस थाना धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जीरो प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस विभाग की साइबर सेल की टीम लेनदेन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करने के साथ ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और ईमेल से संबंधित जानकारी जुटा रही है। साथ ही संबंधित बैंक खातों में भेजी गई रकम को फ्रीज करवाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, ताकि ठगी की राशि को आगे दूसरे खातों में स्थानांतरित होने से रोका जा सके।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मठ के पदाधिकारियों को ईमेल के माध्यम से दान देने का प्रस्ताव मिला था। इस पर भरोसा करते हुए उन्होंने बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में रकम भेज दी। बाद में जब उन्हें ठगी का संदेह हुआ तो उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। अब साइबर सेल यह पता लगाने में जुटी है कि ईमेल किसने भेजी थी, बैंक खाते किन लोगों के नाम पर हैं और ठगी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस लेनदेन के डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है। खातों में राशि फ्रीज करवाने के प्रयासों के साथ आरोपियों की पहचान करने और ठगी की रकम की बरामदगी पर भी जांच केंद्रित है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया