धर्मशाला कॉलेज की छात्रा ने फंदा लगाकर दी जान, अध्यापिका पर प्रताड़ित करने का आरोप
धर्मशाला, 13 नवंबर (हि.स.)। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में एक तरफ जहां ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन शताब्दी समारोह का जश्न मना रही है वहीं दूसरी ओर कालेज की एक छात्रा द्वारा फंदा लगाकर अपनी जान देने की घटना ने सबको झकझोर करके रख दिया है। कॉलेज की बीए अंतिम वर्ष की इस छात्रा का शुक्रवार सुबह सकोह स्थित शिव मंदिर नाला के पास शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर धर्मशाला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी कॉलेज की एक अध्यापिका के कथित व्यवहार से मानसिक रूप से परेशान थी। शिकायत के अनुसार 12 नवंबर को कॉलेज में सबके सामने उसकी बेइज्जती की गई थी, जिसके बाद से वह काफी तनाव में थी। मां ने इसी घटनाक्रम को बेटी के आत्मघाती कदम उठाने की वजह बताया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कॉलेज में वास्तव में क्या घटनाक्रम हुआ था और छात्रा की मानसिक परेशानी के पीछे क्या कारण रहे। फिलहाल अध्यापिका पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कॉलेज प्रशासन और संबंधित अध्यापिका का पक्ष भी जांच में सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जनवरी में भी कॉलेज की छात्रा की मौत के बाद उठे थे गंभीर सवाल
धर्मशाला महाविद्यालय में छात्रा की मौत का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले जनवरी 2026 में भी कॉलेज की 19 वर्षीय छात्रा की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में छात्रा के पिता ने आरोप लगाया था कि बेटी के साथ कॉलेज में रैगिंग, मारपीट और एक प्राध्यापक की ओर से कथित तौर पर अनुचित व्यवहार किया गया था।
इस मामले में पिता की शिकायत पर एक जनवरी 2026 को धर्मशाला पुलिस थाना में एक प्राध्यापक और चार छात्राओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण सामने आने के बाद प्रदेश सरकार ने उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की थी, जबकि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेकर तथ्य-जांच समिति बनाई थी। शिक्षा विभाग की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में रैगिंग के साक्ष्य नहीं मिलने की बात सामने आई थी, हालांकि पुलिस की जांच में मेडिकल और डिजिटल साक्ष्यों सहित अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा था। जबकि मामला अब नही न्यायालय में चल रहा है। अब नवंबर में एक और छात्रा की मौत और अध्यापिका पर लगे आरोपों ने कॉलेज परिसर में छात्राओं की सुरक्षा, शिकायत निवारण व्यवस्था और शैक्षणिक माहौल को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

