home page

नूरपुर में सीआईए टीम ने आधा किलो चरस की बरामद, आरोपी गिरफ्तार

 | 
नूरपुर में सीआईए टीम ने आधा किलो चरस की बरामद, आरोपी गिरफ्तार


धर्मशाला, 22 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को सीआईए की टीम ने एक कार से आधा किलो से अधिक चरस बरामद की। पुलिस ने इस मामले में कार सवार आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की है। सीआईए की टीम को गश्त के दौरान यह सफलता हाथ लगी।

एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-154 पर पलीन (जोंटा) के पास गश्त व चेकिंग के दौरान 515 ग्राम चरस बरामद की गई है। सीआईए की टीम जसूर, 24 मील और जोंटा क्षेत्र में अपराध रोकथाम व चेकिंग हेतु गश्त पर थी। इस दौरान 24 मील के पास पुलिस को सूचना मिली कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार नंबर एचपी 38जे2050 में नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है।

पुलिस टीम ने तुरंत कार्यवाही करते हुए स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर (जोंटा) के पास उक्त वाहन को चेकिंग के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार के पिछले हिस्से से 515 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसके पश्चात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी की पहचान रविंद्र शर्मा आयु करीब 62 वर्ष, निवासी गांव मुख्तियाल, डाकघर बलेथा, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।

पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना नूरपुर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में गहनता से जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया