एक किलो 117 ग्राम चरस के मामले में मुख्य तस्कर मंडी से गिरफ्तार
धर्मशाला, 03 मई (हि.स.)। जिला कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम द्वारा बीते 29 अप्रैल को पकड़े गए एक किलो 117 ग्राम चरस के मामले में मुख्य तस्कर को मंडी जिला के बालीचौकी से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान दलीप सिंह पुत्र भाग सिंह, निवासी गांव भाऊगी, डाकघर व तहसील बाली चौकी, जिला मण्डी उम्र 53 साल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना लंबागांव में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है।
गौरतलब हो कि बीते 29 अप्रैल को गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर एक आल्टो कार नम्बर एचपी53-6640 में सुरेन्द्र कुमार पुत्र, देवी दास, निवासी गांव हरतारा, डाकघर नगेहर तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा उम्र 49 वर्ष के कब्जे से एक किलो 117 ग्राम चरस बरामद करने में सफलता प्राप्त की थी। जिस पर उपरोक्त आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना लंबागांव में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करके इसे मौका पर गिरफ्तार किया गया था।
वहीं बाद में गहन जांच व तकनीकी विश्लेषण से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस को यह महत्वपूर्ण सुराग मिला कि उक्त आरोपी से बरामद की गई चरस बालीचौकी, जिला मण्डी निवासी दलीप सिंह ने उपलब्ध करवाई थी।
इसके उपरांत तुरन्त उक्त मुख्य चरस तस्कर को पकड़ने के लिए एक विशेष गुप्त टीम का गठन करके हर सम्भव जगहों पर दबिश दी गई। आखिरकार कड़ी मेहनत व लगातार दबिश के परिणामस्वरूप मुख्य तस्कर दलीप सिंह को बालीचौकी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

