1 किलो 254 ग्राम चरस मामले में तीसरा आरोपी नगरोटा से गिरफ्तार
धर्मशाला, 04 सितंबर (हि.स.)। कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम द्वारा बीते 27 अगस्त को दो नशा तस्करों से बरामद की गई 1 किलो 254 ग्राम चरस के मामले में एक और आरोपी को नगरोटा बगवां से गिरफ्तार किया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या अब तीन हो गई है। पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से कड़ी पूछताछ के बाद यह सफलता हासिल की है। पुलिस थाना भवारना की टीम ने मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए यह पता लगाने का प्रयास किया कि आरोपी यह चरस कहां से लाए थे और इसे किसे सप्लाई करने जा रहे थे। मामले की गहन जांच के दौरान इस अवैध खेप के मुख्य तार से जुड़े एक अन्य आरोपी शनौकरी उर्फ शौंकी उर्फ रौकी (32), निवासी गांव व डाकघर बलधर, तहसील नगरोटा बगवां, जिला कांगड़ा का नाम सामने आया, जिस पर पुलिस थाना भवारना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शनौकरी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में दर्ज एफआईआर के तहत आगामी जांच जारी है।
गौरतलब है कि सीआईए टीम को यह कामयाबी पुलिस थाना भवारना के तहत परौर रेलवे स्टेशन के पास उस समय मिली थी जब एक टैक्सी को जांच के लिए रोका गया। टीम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गाड़ी नम्बर एचपी01एम 6053 को जांच के लिए रोका और गाड़ी की तलाशी के दौरान वाहन में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 1 किलोग्राम 254 ग्राम चरस बरामद की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दीप कुमार (32), निवासी गांव बालकरूपी, डाकघर जलपेहड़, तहसील जोगिंदरनगर, जिला मंडी तथा काली राम (28), निवासी गांव दुमाण, डाकघर थल्टूखोड, तहसील पद्धर, जिला मंडी के रूप में हुई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

