रिश्वत मामले में गिरफ्तार आरोपी कर्मचारी दो दिन के पुलिस रिमांड पर
धर्मशाला, 25 अक्टूबर (हि.स.)। धर्मशाला में 3500 रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार पटवारी के सहयोगी कर्मचारी को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। विजिलेंस अब इस मामले में दाड़ी के पटवारी की भूमिका की ओर भी जांच बढ़ा रही है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जाएगी और पटवारी से जुड़े अन्य मामलों को भी खंगालने की दिशा में जांच आगे बढ़ सकती है।
गौरतलब है कि धर्मशाला में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने 3500 रुपये रिश्वत लेने के आरोप में पटवारी के कर्मचारी को गिरफ्तार किया था। मामले में अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर रिश्वत से जुड़े घटनाक्रम और अन्य संभावित कड़ियों का पता लगाया जाएगा। विजिलेंस यह भी जांच करेगी कि कथित रिश्वत की मांग किस काम के बदले की गई थी और इसमें अन्य किसी की भूमिका तो नहीं है।
विजिलेंस थाना नॉर्थ जोन धर्मशाला के एसपी बीडी भाटिया ने बताया कि आरोपी को रविवार को न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है। रिमांड के दौरान उससे पूछताछ की जाएगी और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। दाड़ी के पटवारी की भूमिका सहित अन्य तथ्यों की भी जांच के आधार पर पड़ताल की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

