home page

एंटी चिट्टा अभियान के तहत महिला नशा तस्कर के 3.14 लाख के दो वाहन जब्त

 | 

धर्मशाला, 22 नवंबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान के अंतर्गत चिट्टा तस्करी के नेटवर्क को आर्थिक रूप से तोड़ने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है। नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक महिला नशा तस्कर के दो वाहन जब्त किए हैं। कांगड़ा जिला की तहसील इंदौरा के छन्नी गांव, निवासी रूबी के नाम पर दर्ज 1,40,790 और 1,73,830 रुपए मूल्य के दो वाहनों को जब्त किया गया है। दोनों वाहनों का कुल मूल्य 3,14,620 बनता है।

एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में पुलिस थाना डमटाल को उक्त वाहनों का कब्जा प्राप्त करने तथा नियमानुसार आगामी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि नूरपुर पुलिस की कार्रवाई अब केवल चिट्टा तस्करों की गिरफ्तारी और नशीले पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि चिट्टे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति को चिन्हित कर उसे जब्त करवाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस कार्रवाई का उद्देश्य चिट्टा तस्करी के आर्थिक स्रोतों पर प्रहार करना तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से खत्म करना है। वाहनों की जब्ती से इनका उपयोग चिट्टा तस्करी में नहीं किया जा सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया