जमीन कब्जे के मामले में गिरफ्तार तृणमूल नेता काजल घोष को तीन दिन की पुलिस हिरासत
सिलीगुड़ी, 06 सितंबर (हि. स.)। जमीन कब्जे के मामले में गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस नेता काजल घोष को रविवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें तीन दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक महिला की पट्टे की जमीन पर कथित रूप से कब्जा करने का आरोप काजल घोष पर लगा था। इसी शिकायत के आधार पर फांसीदेवा थाने की पुलिस ने शनिवार देर रात उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद रविवार को उन्हें सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया।
अदालत में पेशी के दौरान काजल घोष को निशाना बनाकर अंडे फेंकने का आरोप सामने आया। घटना के बाद कोर्ट परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोर्ट परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात किया गया। सुरक्षा बलों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को सामान्य किया गया।
इधर, मामले की जांच आगे बढ़ाने के लिए पुलिस ने अदालत से काजल घोष को हिरासत में देने की मांग किया। पुलिस की दलील सुनने के बाद अदालत ने आरोपित को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस अब जमीन कब्जे से जुड़े आरोपों और मामले के अन्य पहलुओं की जांच करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

