home page

दमोह के कबीरपुर में चार हत्याओं से दहशत, पत्नी और तीन बच्चों की हत्या का आरोप

 | 
दमोह के कबीरपुर में चार हत्याओं से दहशत, पत्नी और तीन बच्चों की हत्या का आरोप


दमोह के कबीरपुर में चार हत्याओं से दहशत, पत्नी और तीन बच्चों की हत्या का आरोप


दमोह के कबीरपुर में चार हत्याओं से दहशत, पत्नी और तीन बच्चों की हत्या का आरोप


दमोह, 19 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में शनिवार सुबह एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या से सनसनी फैल गई। मगरोन थाना क्षेत्र के ग्राम कबीरपुर में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और तीन बच्चों की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने का आरोप है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान आरोपित को हिरासत में लिया है।

प्रारंभिक पुलिस जानकारी के अनुसार वारदात शनिवार सुबह करीब चार बजे हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपित द्वारका पटेल पुत्र कल्लू पटेल ने कथित रूप से अपनी पत्नी खेमा पटेल (38) और तीन बच्चों उर्मिला (7), उमेश (4) तथा राजा (1) पर कुल्हाड़ी से हमला किया। हमले में चारों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मगरोन थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।

पुलिस ने मामले की जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था। प्रारंभिक स्तर पर पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव या अन्य किसी वजह की संभावना समेत विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना का कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर से कबीरपुर गांव में मातम छा गया। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस द्वारा पंचनामा सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों, घटनास्थल की जांच और आरोपी से पूछताछ के आधार पर वारदात की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव