फोन कर घर से बुलाया, फिर चाकू और ईंट से किया हमला, नौवीं के छात्र की माैत, दो आरोपित गिरफ्तार
नई दिल्ली, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर थाना क्षेत्र के कर्दमपुरी इलाके में नौवीं कक्षा के छात्र इंतजार (17) की चाकू और ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई। आरोप है कि हमलावर उसे फोन कर बहाने से घर से बुलाकर ले गए और सुनसान जगह पर वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद आरोपित फरार हो गए। पुलिस ने मामले में दो मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल के अनुसार इंतजार अपने परिवार के साथ गली नंबर-6, कर्दमपुरी में रहता था। परिवार में पिता बाबू अली, मां और दो बहनें हैं। इंतजार परिवार का इकलौता बेटा था और इलाके के एक स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ता था।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे इंतजार घर पर था। इसी दौरान रिहान नामक युवक ने उसे फोन कर बाहर बुलाया। आरोप है कि रिहान उसे स्कूटी पर बैठाकर ले गया। रास्ते में दो अन्य युवक भी स्कूटी पर सवार हो गए। गली नंबर-4 स्थित पुलिया के पास पहुंचते ही आरोपियों ने इंतजार पर ईंट और चाकू से हमला कर दिया।
हमले के बाद इंतजार जान बचाने के लिए इधर-उधर भागता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह एक घर में घुसकर बचने की कोशिश भी कर रहा था, लेकिन आरोपी उसके पीछे पहुंच गए और उसके सीने पर कई बार चाकू से वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल इंतजार को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि दिसंबर 2025 में इलाके में हुई एक युवक की हत्या के मामले में कुछ लोगों को इंतजार पर शक था, हालांकि पुलिस जांच में उस मामले में उसकी कोई भूमिका नहीं मिली थी। इसके अलावा स्थानीय युवक अमन उर्फ बिट्टू से भी उसका विवाद हुआ था। पुलिस इन्हीं पहलुओं को हत्या की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है। हालांकि, हत्या के पीछे का सटीक कारण अभी जांच का विषय है।
वारदात की सूचना मिलने के बाद क्राइम टीम और एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और कुछ ही घंटों में कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपित अरमान (18) और अलफैज (18) को गिरफ्तार कर लिया। तीसरे आरोपित की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

