home page

दिल्ली के छज्जूपुर में पिता-पुत्र मृत मिले

 | 

नई दिल्ली, 06 जून (हि.स.)। पूर्वी जिले के ज्योति नगर थाना क्षेत्र स्थित छज्जूपुर इलाके में शनिवार सुबह एक 54 वर्षीय व्यक्ति अपने कमरे में फंदे से लटका मिला, जबकि उसका 13 वर्षीय बेटा कमरे में बिस्तर पर मृत अवस्था में पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह आत्महत्या की सूचना मिलने पर ज्योति नगर थाना पुलिस छज्जूपुर स्थित एक मकान में पहुंची। वहां कमरे के अंदर प्रवेश करने पर प्रवीण शर्मा (54) फंदे से लटके हुए मिले। वहीं उनका 13 वर्षीय बेटा कमरे में बिस्तर पर मृत पड़ा था। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया। टीम ने कमरे से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बच्चे की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या दोनों मौतों के पीछे कोई अन्य कारण भी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

पुलिस ने बताया कि मामले में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी