home page

सिमराही बाजार में ज्वेलरी दुकान का ताला तोड़ लाखों की चोरी, नकदी समेत आभूषण ले उड़े चोर

 | 
सिमराही बाजार में ज्वेलरी दुकान का ताला तोड़ लाखों की चोरी, नकदी समेत आभूषण ले उड़े चोर


सुपौल, 18 जुलाई (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार में देर रात चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

अज्ञात बदमाश दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार, सिमराही बाजार वार्ड संख्या-04 निवासी प्रिंस कुमार दास की ज्वेलरी दुकान एनएच-27 किनारे स्थित है।

शुक्रवार देर रात चोरों ने दुकान का मुख्य ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और दुकान में रखे कीमती आभूषणों तथा नकदी पर हाथ साफ कर दिया।पीड़ित दुकानदार ने बताया कि चोर सोने के मंगलसूत्र, झुमके, चांदी के विभिन्न आभूषण और करीब एक लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत लगभग ढाई लाख रुपये आंकी गई है। शनिवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।

अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और कई कीमती आभूषण व नकदी गायब थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल राघोपुर थाना पुलिस को सूचना दी और लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि चोरी की घटना से संबंधित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा चोरों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र