वीसीआर नहीं भरने की एवज में 25 हजार रुपये रिश्वत की लेते जेवीवीएनएल कर्मी गिरफ्तार
जयपुर, 07 मई (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की अलवर प्रथम टीम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए जेवीवीएनएल किशनगढ़बास ग्रामीण क्षेत्र के आंधाका फीडर कार्यालय में कार्यरत हेल्पर/लाइनमैन संदीप को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपित कर्मचारी परिवादी से वीसीआर नहीं भरने की एवज में रिश्वत मांग रहा था।
एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने एसीबी चौकी अलवर में शिकायत दी थी कि उसके घर पर बिजली लाइन से तार डालने के मामले में 5 मई 2026 को विजिलेंस टीम पहुंची थी। इस दौरान संदीप कुमार लाइनमैन और एईएन ने घर की फोटो खींचकर वीसीआर भरने की कार्रवाई की। परिवादी के साथ उसके भाई और भतीजे के नाम भी वीसीआर भरने की बात कही गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि परिवादी के घर पर अनुपस्थित रहने के बावजूद संदीप कुमार द्वारा वीसीआर नहीं भरने की एवज में 35 हजार रुपए रिश्वत मांगी जा रही थी और लगातार परेशान किया जा रहा था। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें आरोपित कर्मचारी द्वारा 25 हजार रुपए रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद उप महानिरीक्षक पुलिस भुवन भूषण के सुपरवीजन में एसीबी अलवर प्रथम चौकी प्रभारी शब्बीर खान, उप अधीक्षक पुलिस के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपित कर्मचारी संदीप को परिवादी से 25 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

