home page

भाई, भाभी और भतीजे का हत्यारा बाल अपचारी पुलिस हिरासत में

 | 

गोरखपुर, 22 जून (हि.स.)। बांसगांव थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 16 वर्षीय बालक ने अपने ही बड़े भाई, भाभी और 03 साल के मासूम भतीजे की सोते समय निर्मम हत्या कर दी। इस तिहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी गई है।

घटना सोमवार तड़के करीब 3 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, आरोपित बालक घर की ऊपरी मंजिल पर रहता था, जबकि उसका बड़ा भाई अमित गुप्ता (35), भाभी रंजना (32) और उनका बेटा रेयांश नीचे कमरे में सो रहे थे। देर रात आरोपित कमरे में घुसा और सो रहे तीनों पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही तीनों की मौत हो गई।

घटना की चश्मदीद 09 वर्षीय बच्ची ने शोर मचाते हुए परिजनों को जगाया। जब पिता हरीलाल कमरे में पहुंचे तो खून से लथपथ शव पड़े थे और आरोपित हाथ में हथियार लेकर बाहर निकल रहा था। बाद में वह ऊपर अपने कमरे में जाकर बैठ गया, जहां से पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह पारिवारिक उपेक्षा और तनाव से जूझ रहा था। उसने दावा किया कि उसे ठीक से खाना नहीं दिया जा रहा था और पढ़ाई भी नहीं करने दी जा रही थी। इसी बात से आक्रोशित होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

बताया जा रहा है कि आरोपित ने पुलिस से यह भी पूछा कि “क्या जेल में खाना मिलेगा?”

घटना की सूचना पर एसएसपी डॉ. कोस्तुभ और एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, परिवार में पहले से ही विवाद चल रहा था। आरोपित को आशंका थी कि बड़ा भाई घर और दुकान पर कब्जा कर लेगा, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। फिलहाल, पुलिस ने बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि घटना घरेलू विवाद का परिणाम प्रतीत हो रही है, हालांकि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। इलाके में इस घटना के बाद शोक और भय का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय