कनिष्ठ अभियंता भर्ती पेपर लीक मामला: एसओजी ने मुख्य सरगना सहित तीन को धर—दबोचा
जयपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) संयुक्त भर्ती परीक्षा-2020 की पुनः आयोजित परीक्षा-2021 के पेपर लीक मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य सरगना सहित तीन आरोपितो को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपितों ने परीक्षा से पहले ही पेपर माफियाओं से लीक और साल्वड प्रश्नपत्र हासिल कर अभ्यर्थियों को 15-15 लाख रुपये लेकर उपलब्ध कराया था। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि एसओजी ने कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) संयुक्त भर्ती परीक्षा-2020 की पुनः आयोजित परीक्षा-2021 के पेपर लीक मामले में
हर्षवर्धन कुमार मीणा उर्फ बबलू मीणा (41) निवासी महुवा (दौसा), रिंकू कुमार शर्मा (38) निवासी सिकंदरा (दौसा) तथा लोकेश शर्मा (50) निवासी भरतपुर हाल दौसा को गिरफ्तार किया है। वहीं गिरफ्तार लोकेश शर्मा वर्तमान में सीबीओ कार्यालय चाकसू में निलंबित शिक्षक है।
एसओजी एडीजी बसंल ने बताया कि कनिष्ठ अभियंता संयुक्त भर्ती परीक्षा दिसंबर 2020 में आयोजित हुई थी। उस परीक्षा में पेपर लीक की शिकायत पर सांगानेर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था। इस मामले की जांच के दौरान पहले गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वर्ष 2020 की भर्ती रद्द होने के बाद 12 सितंबर 2021 को आयोजित पुनः परीक्षा का प्रश्नपत्र भी परीक्षा से पहले लीक हो गया था और पेपर माफियाओं तक पहुंच गया था। इस खुलासे के बाद एसओजी ने 19 जनवरी 2026 को प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
जहां जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपित हर्षवर्धन कुमार मीणा उर्फ बबलू मीणा ने पेपर माफियाओं से लीक एवं हल किया हुआ प्रश्नपत्र प्राप्त किया था। इसके बाद उसने अधिक से अधिक अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से अपने सहयोगियों रिंकू कुमार शर्मा और लोकेश शर्मा को इस नेटवर्क से जोड़ा। दोनों आरोपियों ने कई अभ्यर्थियों से 15-15 लाख रुपये लेकर परीक्षा से पहले सॉल्व्ड पेपर उपलब्ध कराया।
एसओजी के अनुसार तीनों आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच का फोकस पेपर माफियाओं के पूरे नेटवर्क, पेपर खरीदने वाले अभ्यर्थियों तथा इस षड्यंत्र में शामिल अन्य लोगों की भूमिका सामने लाने पर है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में आने वाले दिनों में और भी महत्वपूर्ण खुलासे तथा गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

