home page

कनिष्ठ सहायक 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

 | 
कनिष्ठ सहायक 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार


मुरादाबाद, 26 नवंबर (हि. स.)। भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद मंडल की ट्रैप टीम ने गुरुवार को जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय जनपद रामपुर में तैनात संप्रति कनिष्ठ सहायक प्रभारी पटल क्रय, विकास, पेंशन एवं कैश अजय कुमार सागर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित ने हापुड़ निवासी शिकायतकर्ता के एरियर एवं ग्रेच्युटी की धनराशि बरामद करने की एवज में रिश्वत ली थी। एंटी करप्शन टीम पकड़े गए आरोपित अजय कुमार सागर को रामपुर जनपद के थाना सिविल लाइन में ले आई है जिसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद इकाई के निरीक्षक व ट्रैप टीम प्रभारी मोहम्मद इश्तियाक ने बताया कि हापुड़ जनपद के थाना गढ़ रोड, नई मंडी, मोहल्ला प्रहलाद नगर निवासी रामवीर सिंह ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद मंडल के कार्यालय में शिकायती पत्र देकर कहां था कि शिकायतकर्ता के एरियर एवं ग्रेच्युटी की धनराशि बरामद करने की एवज में जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय जनपद रामपुर में तैनात संप्रति कनिष्ठ सहायक प्रभारी पटल क्रय, विकास, पेंशन एवं कैश अजय कुमार सागर ने 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

ट्रैप टीम प्रभारी मोहम्मद इश्तियाक ने बताया कि इसके बाद एंटी करप्शन टीम में अपना जाल बिछाया और शिकायतकर्ता रामवीर सिंह को गुरुवार को जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय रामपुर के पास लेकर पहुंच गए। एंटी करप्शन टीम ने शिकायतकर्ता को रंग लगे 20 हजार रुपये के नोट दे दिए। इसके बाद शिकायतकर्ता रामवीर सिंह अजय कुमार सागर के कार्यालय कक्ष में पहुंचा और उसने एरिया व ग्रेच्यूटी की धनराशि बरामद करने के लिए उसे 20 हजार रुपये नगद दे दिए। जैसे ही आरोपित ने रिश्वत की रकम अपनी जेब में रखा, तुरंत भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उसकी जेब से 20 हजार रुपये के वही रंग लगे नोट बरामद हुए, जाे टीम ने पीड़ित काे दिए थे।

पकड़े गए आरोपित अजय कुमार सागर को गिरफ्तार करके थाना सिविल लाइन रामपुर में ले आई और उसके खिलाफ संकलित साक्ष्य के रूप में शिकायती का प्रार्थना पत्र, प्री ट्रैप जांच आख्या, शिकायतकर्ता के बयान, शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेज, शिकायतकर्ता से वार्ता की रिकॉर्डिंग तथा बरामद की व हाथ बुलाने की कार्रवाई की वीडियोग्राफी आदि दी है।

-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल