पुलिस कांस्टेबल से मारपीट का आरोपी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
नाहन, 07 जून (हि.स.)। सिरमौर जिला के पांवटा साहिब में ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस कांस्टेबल के साथ बीच सड़क पर गाली-गलौज, मारपीट और उसका बैग छीनने के मामले में गिरफ्तार आरोपी फरमान खान को अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अदालत के आदेश के बाद आरोपी को नाहन स्थित केंद्रीय कारागार भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को पहले दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। इस दौरान उससे घटना के संबंध में पूछताछ की गई। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद शनिवार को उसे दोबारा अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए।
यह मामला 3 जून का है। पुलिस के मुताबिक छठी भारतीय आरक्षित वाहिनी (आईआरबीएन) धौलाकुआं में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल लंबी छुट्टी लेकर अपने घर जा रहा था। इसी दौरान पांवटा साहिब के गोंदपुर क्षेत्र में आरोपी ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि आरोपी ने पहले पुलिस जवान के साथ गाली-गलौज की और फिर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसने जवान की स्कूटी से उसका बैग भी छीन लिया और मौके से फरार हो गया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी वारदात का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया था। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए जिला सिरमौर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने बताया कि आरोपी को पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

