पत्रकार पर हमले के दो आरोपी गिरफ्तार, एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने दबोचा
जबलपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में सुहागी हनुमान मंदिर के पास तीन दिन पूर्व हुए पत्रकार उमेश शुक्ला के ऊपर अचानक हमले के दो आरोपीताें को आधारताल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, उक्ताशय की जानकारी पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने शुक्रवार सुबह दी। गिरफ्तार आरोपियों ने नाम अभिषेक पटेल व दिनेश गोंटिया निवासी सुहागी है।
सोमवार को हुई इस घटना के बाद पत्रकार उमेश शुक्ला ने तत्काल शिकायत संबंधित थाने सहित पुलिस अधीक्षक व राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद के पदाधिकारियों को दी थी। इस घटना के बाद से ही परिषद के पदाधिकारी पुलिस अधीक्षक के संपर्क में लगातार बने रहे। इस घटना को पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने गंभीरता से लिया एवं बिना बिलम्ब के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज को निर्देश देते हुए सीएसपी राजेश्वरी कौरव सहित संबंधित थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार को आरोपियों को गिरफ्तार करने हेतु टीम गठित करने के कहा।
गठित पुलिस टीम ने दी दविश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल सहित आसपास के क्षेत्र का सघन दौरा किया एवं सीसीटीवी सहित कुछ साक्ष्य एकत्रित किए जिसमें कुछ संदिग्धों को चिन्हित कर कई जगह दविश दी गई। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत रात्रि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जिनसे पूछताछ जारी है इसमें और भी लोगों के शामिल होने की आशंका है।
पत्रकार पर हुए इस हमले को लेकर शहर के विभिन्न बुद्धिजीवियों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रतिक्रिया व्यक्ति की है। उन्होंने इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन से मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

