home page

पुलिस और बीएसएफ का संयुक्त छापेमारी में 455 किलो से ज्यादा सल्फर बरामद

 | 
पुलिस और बीएसएफ का संयुक्त छापेमारी में 455 किलो से ज्यादा सल्फर बरामद


कूचबिहार, 04 सितंबर (हि. स.)। सीमा क्षेत्र चेंगराबांधा में पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित सल्फर बरामद किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में करीब 455 किलो 810 ग्राम सल्फर जब्त किया गया।

मेखलीगंज महकमा पुलिस प्रशासन के अनुसार, मेखलीगंज थाने के ओसी जटेश चंद्र झा के नेतृत्व में पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने गुरुवार देर रात चेंगराबांधा ग्राम पंचायत के 141 कामात चेंगराबांधा इलाके में सुधांशु सरकार के घर पर अचानक छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से कुल नौ बोरियों में भरा 455 किलो 810 ग्राम सल्फर बरामद हुआ। पुलिस ने सल्फर को जब्त कर मेखलीगंज थाने में सुरक्षित रख दिया है। हालांकि, छापेमारी के दौरान मकान मालिक सुधांशु सरकार मौके से फरार मिला। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि सीमावर्ती इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में सल्फर को अवैध रूप से जमा कर बांग्लादेश में तस्करी करने की योजना थी। हालांकि, सल्फर की वास्तविक सप्लाई और इसके पीछे मौजूद नेटवर्क को लेकर अभी जांच जारी है।

मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार