एसएसबी-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 326 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार
किशनगंज, 13 जुलाई (हि.स.)। जिले के सुखानी थाना क्षेत्र में एसएसबी 19वीं वाहिनी और सुखानी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 326 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मामले में सुखानी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, एसएसबी की आसूचना शाखा को सूचना मिली थी कि काकियाभीटा बाजार के समीप दो व्यक्ति मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से आने वाले हैं। सूचना के सत्यापन के बाद एसएसबी और सुखानी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रेलवे ब्रिज के समीप घेराबंदी कर वाहन जांच अभियान चलाया।
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन संयुक्त टीम ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। विधिसम्मत तलाशी के दौरान उनके पास से तीन पारदर्शी पैकेटों में कुल 326 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद की गई।
जांच किट से किए गए प्रारंभिक परीक्षण में बरामद पदार्थ के मादक होने की पुष्टि होने का दावा किया गया है। पुलिस के अनुसार, बरामद तीनों पैकेटों का वजन क्रमशः 126 ग्राम, 101 ग्राम और 99 ग्राम पाया गया। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल तथा 972 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहादुरगंज थाना क्षेत्र निवासी साजिद आलम और तसवर आलम के रूप में हुई है। इस संबंध में एसएसबी के इंस्पेक्टर के आवेदन पर सुखानी थाना कांड संख्या 40/2026 दर्ज किया गया है। मामला एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 21 एवं 29 के तहत दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद मादक पदार्थ का स्रोत क्या है और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

