home page

अनूपपुर-छत्तीसगढ़ की पुलिस संयुक्त कार्रवाई: 3 पिकअप से 20 मवेशी पकड़े,एक मवेशी मृत मिला

 | 
अनूपपुर-छत्तीसगढ़ की पुलिस संयुक्त कार्रवाई: 3 पिकअप से 20 मवेशी पकड़े,एक मवेशी मृत मिला


अनूपपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गुरूवार को मवेशियों से भरे तीन पिकअप वाहनों को जब्त किया है। वाहनों से 20 मवेशी बरामद किए, जिनमें से एक भैंस की दम घुटने से मौत हो चुकी थी। मामले में 21.20 लाख रुपए का सामान जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

जैतहरी पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मुण्डा-सिवनी मार्ग पर नाकाबंदी की गई थी। संदिग्ध पिकअप चालकों ने पुलिस को देखकर वाहनों की रफ्तार बढ़ा दी, जिसके बाद पुलिस टीमों ने घेराबंदी की। अन्य चालक वाहनों को छोड़कर जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। तलाशी के दौरान वाहनों में रस्सियों से ठूंस-ठूंस कर बांधे गए मवेशी मिले, जिनके लिए चारा-पानी का प्रबंध नहीं था। पुलिस ने छत्तीसगढ़ निवासी आरोपी आसीफ कुरैशी को मौके से गिरफ्तार किया गया।

17 लाख के वाहन और 4.20 लाख के मवेशी जब्त

जब्त कुल 21.20 लाख रुपये के सामान में 17 लाख रुपए की तीन पिकअप और 4.20 लाख रुपए के मवेशी शामिल हैं। सुरक्षित बचाए गए सभी मवेशियों को लपटा गौशाला और वेंकटनगर में रखवाया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला