home page

वांटेड युवक के तीसरी मंजिल से गिरने का मामला : नागौरी गेट थाना पुलिस कर्मियों पर हत्या, मारपीट और लज्जा भंग का केस दर्ज

 | 
वांटेड युवक के तीसरी मंजिल से गिरने का मामला : नागौरी गेट थाना पुलिस कर्मियों पर हत्या, मारपीट और लज्जा भंग का केस दर्ज


जोधपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के नागौरी गेट थाना क्षेत्र में गायों की फाटक के पास में बुधवार रात को एक वांटेड युवक को पकड़ने गई पुलिस उसके घर गई थी। वहां युवक डर के मारे तीन मंजिला मकान की छत पर पहुंच गया और वहां से कूदकर भागने का प्रयास किया। इस हादसे में विद्युत तारों की चपेट में आ गया और नीचे गिरने से घायल हो गया। उसे महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। उसकी मौत को लेकर समाज की तरफ से देर रात तक एमजीएच इमरजेंसी के बाहर धरना देकर पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। शव बाद में एमजीएच की मोर्चरी में रखवाया गया। घटना को लेकर देर रात तक समाज के लोगों और पुलिस के बीच में समझाइश चलती रही। परिजन ने सरकारी नौकरी, मुआवजा और दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी रखा।

आज सुबह परिजन और समाज के लोग एमजीएच मोर्चरी पर एकत्र रहे। पुलिस के आलाधिकारियों के साथ फिर से वार्ता की गई मगर कोई समाधान नहीं निकल पाया।

परिजन ने दर्ज कराई हत्या, मारपीट और लज्जा भंग में रिपोर्ट :

मृतक के परिजन की तरफ से नागौरी गेट थाने के स्टाफ रायचंद सहित अन्य के खिलाफ हत्या, मारपीट और लज्जा भंग में रिपोर्ट दी गई है। रिपोर्ट में घर में घुसकर मारपीट का आरोप है।

मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से :

शव फिलहाल एमजीएच मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। बताया गया कि वक्त घटना मृतक बिजली तारों पर गिरा था। सीसीटीवी फुटेज के बारे में फिलहाल पुष्टि नहीं हो पाई है।

मुआवजा और अन्य मांगों पर अड़े :

मृतक के परिजन और समाज के लोग मुआवजा, सरकारी नौकरी और दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर मांग कर रहे है।

यह है मामला :

बुधवार की रात गायों की फाटक क़े पास रहने वाले सद्दाम पुत्र खलील को किसी मामले में पकड़ने क़े लिए नागौरी गेट पुलिस उसके घर गई थी। परिजनों का आरोप है कि उसको जबरन पकड़ क़र लें जा रही थीं। परिवार वालो ने कहा कि अभी आप चाले जाओ और सुबह हम उसको पेश क़र देंगे। लेकिन पुलिस नहीं मानी। पुलिस से घबराकर सद्दाम छत पर चढ़ गया और पुलिस भी उस क़े पीछे ऊपर गई। गिरफ्तारी के डर से घबराकर वह तीन मंजिला घर से कूद गया और बिजली क़े तारों पर गिरा। इसके बाद फिर जमीन पर गिरा। हादसे के बाद पुलिस की गाड़ी को भीड़ ने नुकसान पहुंचाया। वहीं घायल सद्दाम को लोग महात्मा गांधी अस्पताल ले गए जहां उसकी मौत हो गई। उसके निधन पर वहां लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश