पति बोला- जिंदा रहेगी तो राखी लेकर जाएगी, हथौड़ा मारकर हत्या
जोधपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। निकटवर्ती करवड़ स्थित उजलियां गांव में घर में सो रही पत्नी पर पति ने हथौड़ा से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद पति फरार हो गया। घटना 29 अगस्त रात की है। हत्या से पहले पति पत्नी के बीच लड़ाई हुई थी। उससे एक दिन पहले मृतका ने अपने पीहर फोनकर राखी लाने की बात की थी। पास खड़े पति ने जिंदा रहेगी तो जाएगी जैसी बात की थी। करवड़ थाने में मृतका के भाई की तरफ से बहनोई के खिलाफ दहेज प्रताडऩा और हत्या की रिपोर्ट दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजन को सुपुर्द किया।
करवड़ पुलिस ने बताया कि कारपड़ा स्थित हिंगाणिया निवासी महेंद्र पुत्र देवाराम की तरफ से मामला दर्ज कराया गया है। इसमें बताया कि उसकी बहन गुड्डी की शादी 15 साल पहले उजलियां करवड़ निवासी दिनेश पुत्र पप्पाराम के साथ की गई थी। शादी के बाद से ही उसका पति दहेज के लिए तंग और परेशान करता था। एक बार वह उसकी बहन को मारने के लिए तलवार लेकर पीछे भी दौड़ा था। तब गांव वालों ने बीच बचाव कर छुड़ाया था। उसे बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया था। जिस पर बाद में उसके बहनोई ने माफी मांगी और सामाजिक स्तर पर मामला सुलझाया गया था।
रिपोर्ट के अनुसार रक्षाबंधन से एक दिन पहले उसकी बहन ने मां से फोन पर बात की थी और राखी लाने का बोली थी। पास में उसका बहनोई दिनेश भी खड़ा था और कहा कि जिंदा रहेगी तो राखी बांधेगी। 29 अगस्त की रात को बहनोई दिनेश के भाई गणपत का कॉल आया कि उसके भाई- भाभी में लड़ाई झगड़ा हुआ था। जिसके बाद गुड्डी यानी उसकी भाभी सो गई थी। तब उसके भाई दिनेश ने सो रही गुड्ढी पर हथौड़े से हमला कर दिया। वह जिंदा है अथवा मर गई इस बारे में पता नहीं है।
मृतका के भाई महेंद्र ने वक्त घटना साधन नहीं होने की बात करते हुए सुबह आने की बात की। पुलिस को घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची। शव को बरामद कर अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया। जहां मेडिकल बोर्ड से उसका पोस्टमार्टम करवाया गया। आरोपित पति दिनेश की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

