गैस सिलेण्डर से भरे ट्रक ने छीनी दो जिंदगियां : शराब के नशे में चालक ने लिया बाइक को चपेट में
जोधपुर, 05 मार्च (हि.स.)। सिरोही जिले के पिंडवाड़ा से जोधपुर की तरफ से आ रहे एक गैस सिलेण्डर से भरे ट्रक- टैंकर ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में लेकर कु चल दिया। बाइक चक नाचूर हो गई और युवक काफी दूर तक घसीटें गए। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा लूणी के कांकाणी हाईवे पर एक पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ। सूचना पर प्रोबेशनर आरपीएस देवेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। शवों को मौके से हटवा कर अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया है। ट्रक चालक को दस्तयाब किया गया जोकि शराब के नशे में मिला है। फिलहाल अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
प्रशिक्षु आरपीएस अधिकारी एवं लूणी थानाधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि पिंडवाड़ा से एक गैस सिलेण्डरों से भरा ट्रक- टैंकर जोधपुर की तरफ आ रहा था। जब यह ट्रक कांकाणी की सरहद में पहुंचा तब उसने अपने से आगे चल रही एक बाइक पर सवार दो युवकों को चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रशिक्षु आरपीएस देवेंद्र कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान आरंभिक तौर पर बाड़मेर के आशिष बामणिया और उत्तरप्रदेश के विशाल कुमार के रूप में हुई है। दोनों कांकाणी में एक कंपनी के लिए कंस्ट्रक्शन का काम करते थे। जोकि देर शाम को साइट पर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि ट्रक- टैंकर का चालक शराब के नशे में था। गाड़ी को जब्त किया गया है। शवों को अग्रिम कार्रवाई के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

