परिवार आंगन में सो रहा था : चोर पीछे की खिडक़ी से घुसे और नगदी जेवरात ले गए
जोधपुर, 02 सितम्बर (हि.स.)। शहर के निकटवर्ती झंवर स्थित मेघलासिया गांव में मंगलवार रात एक घर में चोरी हो गई। चोर घर के पीछे की खिडक़ी से दाखिल हुए और बक्सा उठाकर खेत में ले गए। सामान बिखेर कर नगदी और सोने चांदी के आभूषण चोरी कर गए। चोरी गए जेवरात की अनुानित कीमत पांच से सात लाख होना माना रहा है। वक्त घटना परिवार के लोग आंगन में सो रहे थे। घटना में जातरूओं की आड़ में चोरों की गैंग आने की भी आशंका बनी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। दो लोगों के इसमें शामिल होना प्रथम दृष्टया पता लगा है।
झंवर पुलिस ने बताया कि मेघलासिया गांव में कडेला मेघवालों का बास में कौशल्या देवी पत्नी सोमाराम का परिवार रहता है। गुजरी रात परिवार के लोग घर के आंगन में सो रहे थे। घर के पीछे लगी खिडक़ी को निकाल कर उसमें चोर दाखिल हुए। फिर कमरें में रखा बक्सा उठाकर खेत में ले गए। सामान बिखरने के साथ उसमें रखे सोने के तीन चार तोला आइटम, चांदी के आभूषण और 14 हजार रूपए ले गए।
परिवार के लोग सुबह उठे तब घटना का पता लगा। बक्सा खेत में पड़ा दिखा। बाद में पुलिस को सूचना मिलने पर मौका मुआयना किया गया। थानाधिकारी प्रहलादसिंह के अनुसार मामले में जांच की जा रही है, फुटेज खंगाले जा रहे है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

