अवैध रूप से रह रही पांच विदेशी महिलाओं पर कार्रवाई, डिपोर्टेशन के बाद स्वदेश रवाना
4 थाईलैंड और 1 लाओस की महिला नागरिक शामिल, वीजा नियमों के उल्लंघन पर लगाया 9.17 लाख रुपये का जुर्माना
जोधपुर, 19 नवम्बर (हि.स.)। अवैध रूप से भारत में रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ एफआरओ जोधपुर शहर एवं सीआईडी एसएसबी जोन जोधपुर की ओर से कार्रवाई की गई। इस दौरान पांच विदेशी महिला नागरिकों को डिटेन किया गया। इनमें चार महिलाएं थाईलैंड तथा एक महिला लाओस की नागरिक बताई गई हैं। वीजा नियमों के उल्लंघन के मामलों में इन विदेशी नागरिकों पर कुल 9 लाख 17 हजार 680 रुपये की पेनल्टी लगाई गई। इसके बाद 19 नवंबर 2026 को पांचों महिलाओं के खिलाफ डिपोर्टेशन की कार्रवाई पूरी की गई। उन्हें आईजीआई एयरपोर्ट, नई दिल्ली से उनके स्वदेश रवाना कर दिया गया।
एफआरओ जोधपुर शहर ने होटल संचालकों एवं स्पा सेंटर संचालकों को सख्त चेतावनी दी है कि उनके यहां ठहरने वाले विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट और वीजा की वैधता की अनिवार्य रूप से जांच करें। साथ ही निर्धारित समय में सी-फॉर्म भरना सुनिश्चित करें।
स्पष्ट किया गया है कि विदेशी नागरिकों को बिना वैध दस्तावेजों के ठहराने, उनकी जानकारी छिपाने अथवा सी-फॉर्म संबंधी नियमों की अवहेलना करने पर संबंधित होटल एवं स्पा संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एफआरओ जोधपुर शहर ने कहा कि विदेशी नागरिकों के आवागमन और ठहराव से जुड़े नियमों का पालन अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

