home page

जोधपुर-पाली से लग्जरी बसों में गुजरात भेजा नकली पनीर

 | 
जोधपुर-पाली से लग्जरी बसों में गुजरात भेजा नकली पनीर


जोधपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान से गुजरात नकली पनीर (एनालॉग पनीर) सप्लाई किया जा रहा है। मामले का खुलासा करते हुए अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के फूड विभाग ने दो लग्जरी बसों से 408 किलो प्रतिबंधित पनीर जब्त किया है।

अहमदाबाद म्यूनसिपल कॉर्पोरेशन (एएमसी) का दावा है कि इस पनीर को जोधपुर और पाली में तैयार किया गया है। 450 रुपए वाला एमआरपी वाले पनीर 240 रुपए प्रतिकिलो में बेचा जा रहा था, जिसे बेचने के लिए दो लोग आए थे। एएमसी के फूड विभाग ने आज सुबह अहमदाबाद के कांकरिया दडक़ी गार्डन के पास पार्किंग प्लॉट में दो लग्जरी बसों पर छापा मारा। इस दौरान 408 किलो लो फैट पनीर का जखीरा जब्त कर सीज किया गया। फूड विभाग के अधिकारी डॉ. तेजस शाह ने बताया कि दूसरे राज्य से लग्जरी बसों के जरिए अहमदाबाद शहर में पनीर का जखीरा लाए जाने की जानकारी मिली थी। इसके आधार पर अरुणाचल प्रदेश के सिंबल वाली दो लग्जरी बसों की जांच की गई। इनमें लो फैट पनीर का जखीरा मिला। यह जखीरा नरोडा और मणिनगर क्षेत्र के दो लोग 240 रुपए प्रति किलो के भाव से खरीदने के लिए आए थे।

जोधपुर और पाली में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का दावा

इस पनीर की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट राजस्थान के जोधपुर और पाली में होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में इस लो फैट एनालॉग पनीर को राजस्थान से लाए जाने की पूरी संभावना है। फूड विभाग ने पनीर के जखीरे को सीज कर दिया है। जांच के लिए लैब भेजा है। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, पनीर लाने वालों और इसे खरीदने वालों सभी की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश