रातभर परिजन ढूंढ़ते रहे : सुबह खेत में मलबे में मिला युवक का शव
जोधपुर, 12 नवम्बर (हि.स.)। शहर के बासनी औद्योगिक क्षेत्र स्थित पार्वती नगर में आज सुबह एक युवक का शव खेत में कमठा मलबे के बीच पड़ा मिला। रातभर से उसे परिजन उसे तलाश रहे थे। सुबह पास में ही स्कूटी मिलने पर पहचान की गई। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर एफएसएल टीम को बुलाया गया। बासनी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। शव को दोपहर में एम्स चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करवा परिजन को सुुपुर्द किया गया।
बासनी थानाधिकारी नितिन दवे ने बताया कि आज सुबह सूचना मिली कि पार्वती नगर स्थित खेत में एक युवक का शव पड़ा है। पास में स्कूटी पड़ी है। इस पर पुलिस वहां पहुंची। शव खेत के पास में कमठा मलबा पड़ा था, उसके बीच में पड़ा था। बाद में उसकी पहचान फींच लूणी निवासी 25 साल के मनीष पुत्र जेताराम विश्रोई के रूप में की गई।
थानाधिकारी दवे ने बताया कि मृतक मनीष शादीशुदा था, वह बुधवार की रात आठ बजे अपने घर से निकला था। वह रात तक घर नहीं पहुंचा तब परिजन उसे तलाश करने लगे। आज सुबह उसे तलाशते हुए खेत तक पहुंचे और पास में स्कूटी मिलने पर पहचान कर ली गई। मृतक के पास में उल्टी हो रखी थी। हालांकि पास में कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है। बाद में एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया और साक्ष्य जुटाए गए। संभवत: उसके कुछ खाने पीने के बाद तबीयत बिगड़ी हो और उसकी मौत हो गई। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर पता लगेगा। दोपहर में एम्स अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम करवाया गया। शव परिजन को सुपुर्द किया गया। फिलहाल मर्ग की कार्रवाई की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

