निजी बस के पीछे घुसा ट्रक ट्रोला : लगी आग,
जोधपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के निकटवर्ती झंवर पुलिस थाना क्षेत्र के लूणवास खारा गांव के समीप गुरूवार की देर रात एक ट्रक ट्रोला निजी बस के पीछे से घुस गया। हादसे के बाद ट्रोला के केबिन में भीषण आग लग गई। समय रहते चालक उतर कर भाग गया। निजी बस में सवारियां भरी थी और यह बालोतरा से जोधपुर की तरफ आ रही थी। सवारियां चोटिल होने से बच गई। देर रात बाद में बस में बैठी सवारियों को अन्य साधन से भिजवाया गया।
झंवर थानाधिकारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि गुरूवार की रात में लूणवास खारा गांव के पास में एक ट्रक ट्रोला में आग की सूचना मिलने पर वे वहां पहुंचे थे। मौका पड़ताल से पता लगा कि ट्रक ट्रोला में टाइल्स भरी थी। यह ट्रोला अपने से आगे चल रही एक निजी बस के पीछे से घुस गया था, जिसके बाद उसके केबिन में आग लग गई। आग से केबिन और आगे के टायर जल गए।
बाद में चौपासनी हाउसिंग बोर्ड और शास्त्रीनगर दमकल स्टेशन से दो तीन गाडिय़ों ने पहुंच कर आग पर काबू पाया। थानाधिकारी प्रहलाद सिंह के अनुसार निजी बस बालोतरा से जोधपुर की तरफ आ रही थी। उसके आगे संभवत: कोई अन्य साधन आने पर चालक करणाराम ने अचानक से बे्रक लगाया तब ट्रक ट्रोला पीछे से घुस गया। बस में सवारियां भी थी, मगर वे चोटिल होने से बच गई। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है, ट्रक ट्रोला का चालक बाद में फरार हो गया। फिलहाल किसी प्रकार की रिपोर्ट नहीं दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

