दो ग्राम एमडी के साथ युवक गिरफ्तार, कार जब्त
जोधपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत झंवर थाना पुलिस और आयुक्तालय की सीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो ग्राम एमडी बरामद की है। साथ ही मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार 30 सितंबर को सीएसटी टीम के प्रभारी तेजाराम ने झंवर थाने के उपनिरीक्षक मनोज कुमार को सूचना दी कि चौहानों की ढाणी, धवा के पास एक स्विफ्ट कार और उसके चालक को रोका गया है। चालक के पास अवैध मादक पदार्थ होने की आशंका जताई गई थी। सूचना पर झंवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक लूणावास जाटान बजरंग नगर निवासी जगदीश की तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से 2 ग्राम एमडी बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच प्रतापनगर थानाधिकारी रामकृष्ण टांडा कर रहे हैं। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया और पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमल शेखावत के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रवीण कुमार और सहायक पुलिस आयुक्त बोरानाडा हिमांशु शर्मा के सुपरविजन में झंवर थानाधिकारी प्रहलाद सिंह के नेतृत्व में की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

