home page

घर में छिपाकर रखा 27.325 किलो डोडा चूरा पकड़ा

 | 
घर में छिपाकर रखा 27.325 किलो डोडा चूरा पकड़ा


जोधपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जोधपुर पश्चिम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूणी थाना क्षेत्र के फींच गांव में एक मकान से 27.325 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से 26 लाख 39 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने वृद्ध भंवरलाल पुत्र फुसाराम विश्नोई निवासी फींच, थाना लूणी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 30 सितंबर को लूणी थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम को अवैध मादक पदार्थ के संबंध में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने फींच गांव में कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर के अंदर छिपाकर रखे डोडा पोस्त चूरा से भरे दो कट्टे, जिनका कुल वजन 27.325 किलोग्राम था, बरामद किए गए। इसके साथ ही 26 लाख 39 हजार रुपये की नकदी भी जब्त की गई।

पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई पुलिस आयुक्त अशुमन भौमिया, पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमल शेखावत एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रवीण कुमार के निर्देशन तथा एसीपी बोरानाडा के सुपरविजन में लूणी थाना पुलिस और डीएसटी टीम प्रभारी एसआई महादेव प्रसाद द्वारा की गई।

रविवार से बुधवार तक चौथी कार्रवाई :

डीएसटी प्रभारी महादेव प्रसाद के अनुसार डीएसटी वेस्ट की यह लगातार चौथी कार्रवाई है। रविवार से बुधवार तक चार कार्रवाई मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ की जा चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश