जोधपुर जिला कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी
मेट्रो और जिला न्यायालय कोर्ट में मचा हडक़ंप, तलाशी में नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु, भारी पुलिस बल तैनात
जोधपुर, 30 मार्च (हि.स.)। प्रदेश की न्यायालयों को निशाना बनाकर बम की झूठी धमकियां देने का सिलसिला रुक नहीं रहा है। सोमवार को एक बार फिर जोधपुर की दोनों प्रमुख निचली अदालतों जोधपुर मेट्रो और जोधपुर जिला न्यायालय (डीजे कोर्ट) को बम से उड़ाने की धमकी के ईमेल मिले। यह धमकी दोनों कोर्ट के ऑफिशियल ईमेल आईडी पर भेजी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट परिसर को तुरंत एहतियातन खाली करवा लिया गया। उदयमंदिर थाना पुलिस सहित भारी पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गई। पूरे कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया लेकिन यहां कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
सोमवार सुबह जब कोर्ट की नियमित कार्रवाई शुरू हुई और अदालतों में मुकदमों की सुनवाई चल रही थी, उसी दौरान कोर्ट प्रशासन ने अपना ऑफिशियल ईमेल चेक किया। इस ईमेल में जोधपुर मेट्रो और जोधपुर ग्रामीण, दोनों जिला न्यायालय परिसरों में बम रखे होने और धमाके करने की बात लिखी गई थी। इस पर कोर्ट अधिकारियों ने सुबह करीब 11 बजे तत्काल इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम और उदयमंदिर पुलिस व अन्य आला अधिकारियों को दी। कुछ ही देर में उदयमंदिर थानाधिकारी सीताराम खोजा सहित अन्य की टीम मौके पर पहुंची। साथ ही अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने के लिए आनन-फानन में कोर्ट परिसर पहुंच गए।
सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पुलिस ने सबसे पहले कोर्ट रूम्स और पूरे परिसर को सुरक्षित रूप से खाली करवाया। वकीलों, न्यायिक कर्मचारियों, जजों और अपने मुकदमों की तारीख पर आए आम पक्षकारों को तुरंत प्रभाव से बाहर निकाल दिया गया। बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और प्रशिक्षित डॉग स्क्वायड की टीमों को भी बुलाया गया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने कोर्ट के चप्पे-चप्पे की सघन जांच की। हर एक कमरे, वकीलों के चैंबर्स, वाहनों की पार्किंग, कचरा पात्रों और लावारिस पड़ी संदिग्ध वस्तुओं को बारीकी से चैक किया। ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को पूरी तरह से खत्म किया जा सके।
गौरतलब है कि जोधपुर सहित पूरे राजस्थान की अदालतों के लिए बम की यह धमकी कोई नई घटना नहीं है। पिछले लगभग दो-तीन महीनों से लगातार प्रदेश की विभिन्न अदालतों को इसी तरह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं, जिनसे न्यायिक कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इससे पहले 4 और 5 मार्च को भी जोधपुर ग्रामीण डीजे कोर्ट को बमों से उड़ाने की धमकी मिली थी। इससे पूर्व 6 फरवरी और 17 फरवरी को राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर मुख्यपीठ और जयपुर बेंच को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

