साइबर ठगी की आशंका : महिला ने पानी के होद में कूदकर दी जान
जोधपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के निकटवर्ती कुड़ी भगतासनी स्थित मोती नगर झालामंड एरिया में रहने वाली एक महिला ने पानी के होद में कूद कर अपनी जान दे दी। आत्महत्या का आरंभिक कारण महिला साइबर ठगी का शिकार होना बताया गया है। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही इसका खुलासा हो पाएगा। पुलिस महिला के मोबाइल की जांच में जुटी है। पति ने दो अंजान शख्स पर साइबर ठगी का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। जांच एसआई सहदेव द्वारा की जा रही है।
कुड़ी पुलिस ने बताया कि परिवादी मोतीनगर भानुप्रकाश पुत्र खंगारराम ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि 29 अक्टूबर को उसकी पत्नी ने घर में बने पानी के होद में कूद कर आत्महत्या कर ली। पति के अनुसार परिवार में किसी प्रकार का घरेलू विवाद नहीं था। घटना के बाद पत्नी के मोबाइल की जांच करने पर व्हाट्सएप के माध्यम से दो अनजान व्यक्तियों के कॉल और मैसेज मिले। मोबाइल में मौजूद वॉयस रिकॉर्डिंग में रुपयों की मांग किए जाने की बात सामने आई।
पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी पत्नी ने 20 हजार रुपये तथा घर के कुछ गहने बेचकर भी रुपये दिए थे। पति ने आशंका जताई कि अज्ञात व्यक्तियों की ओर से लगातार रुपयों की मांग और दबाव बनाए जाने से परेशान होकर उसकी पत्नी ने आत्महत्या की।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

