गलती से दूसरे के खाते में डाले पांच लाख रुपये : अब ऑनलाइन फ्रॉड का केस दर्ज
जोधपुर, 07 मार्च (हि.स.)। शहर के निकट बोरानाडा के अभिषेक नगर में रहने वाले एक शख्स ने किसी को खाते में पांच लाख रूपये भेजने थे। मगर वह गलती से किसी अन्य के खाते में चले गए। इसका पता लगने पर पीडि़त ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दी। जहां से संबंधित थाना बोरानाडा में ऑनलाइन फ्रॉड का केस दर्ज हुआ। पुलिस अब अंजान खाते का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
बोरानाडा पुलिस ने बताया कि अभिषेक नगर के रहने वाले जगदीश पुत्र मोतीराम जाट ने यह रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसके द्वारा 4 मार्च को ऑन लाइन किसी परिचित को पांच लाख ट्रांसफर करने थे। जोकि किए गए, मगर वे किसी अन्य के खाते में चले गए। रूपये किसके खाते में गए इसका पता नहीं चल पाया। पांच लाख की राशि का फ्रॉड होने पर उसने बाद में साइबर पोर्टल पर इसकी शिकायत दी। जिस पर बाद में अब बोरानाडा थाने में आईटी एक्ट का प्रकरण दर्ज हुआ है। थानाधिकारी शकील अहमद की तरफ से जांच की जा रही है और अंजान खाते का पता लगाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

