एआई से महिला की फोटो एडिट कर बनाया आपत्तिजनक : साइबर ठगी का शिकार, गंवाए 5.76 लाख
जोधपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। साइबर ठगों ने अब आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) का सहारा लेना शुरू कर दिया है। महिला की फोटो को एडिट कर उसे साइबर ठगी का शिकार बनाते हुए 5.76 लाख की ठगी कर ली। शातिरों ने एडिट फोटो से ब्लैकमेल कर खाते में रूपये डलवा दिए। बासनी थाने में जीरो नंबर की एफआईआर पर अब जांच कर संबंधित थाने में भिजवायी जाएगी। घटना 24 जुलाई की है। फिलहाल जांच सरदारपुरा थानाधिकारी किशनलाल को सौंपी गई है।
पीडि़ता के पति की तरफ से बासनी थाने में रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि 24 जुलाई को साइबर ठगों ने उसकी पत्नी को उसकी एआई से एडिट की गई आपत्तिजनक फोटो को भेजा और फिर उसे सार्वजनिक करने की धमकी दी गई। पीडि़ता ने लोकलाज से बचने के लिए शातिरों के कहे अनुसार और दिए गए खातों में राशि भेजनी शुरू कर दी। शातिरों ने महिला से तकरीबन 5 लाख 76 हजार 150 रूपये का फ्रॉड कर दिया।
बाद में पीडि़ता के पति को खाते से रूपए निकलने की जानकारी हुई तो पड़ताल में खुलासा हुआ। अब बासनी थाने में जीरो नंबर एफआईआर पर अनुसंधान आरंभ किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

