साइबर क्राइम : म्यूल एकाउंट से 70 लाख तक ट्रांजेक्शन, कई शिकायतों पर पुलिस ने पांच लोगों को पकड़ा
जोधपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। कमिश्नरेट पुलिस ने साइबर फ्रॉडेस्टरों पर कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें द्वारा अपने खातों को किराए पर देकर लाखों को ट्रांजेक्शन करना पता लगा है। माता का थान और उदयमंदिर पुलिस ने अलग अलग स्थानों से छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। देशभर से साइबर ठगी की शिकायतें आने पर पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम देकर गिरफ्तार किया है।
पुलिस आयुक्त शरत कविराज, डीसीपी पूर्व मनीष कुमार चौधरी के दिशा निर्देशानुसार एवं एडीसीपी पूर्व वीरेंद्र सिंह राठौड़ के सुपरविजन में गठित टीमों ने साइबर ठगी के आरोपिताें पर शिकंजा कसते हुए म्यूल एकाउंट से साइबर ठगी के पांच आरोपिताें को पकड़ा है। कार्रवाई माता का थान और उदयमंदिर पुलिस की तरफ से की गई।
माता का थान थानाधिकारी मोहम्मद शफीक ने बताया कि म्यूल एकाउंट से बड़ी मात्रा में राशि के लेन-देन का पता लगा था। जिस पर पुलिस ने पांच लोगों को दो अलग अलग प्रकरणों में गिरफ्तार किया है। आरोपिताें में मूलत: सिवाई बाइपास रोड समदड़ी हाल मंदिरवाला बेरा भदवासिया निवासी प्रशांत, बांकिया बेरा निवासी मोनू बंजारा, कालका माता का मंदिर मदेरणा कॉलोनी निवासी लक्ष्मण सिंह और अभिमन्यू उर्फ पप्सा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपिताें ने अपने खाते किराए पर दे रखे थे, जिनमें तकरीबन 5-6 लाख के करीबन राशि का ट्रांजेक्शन का पता लगा है। इसमें एक आरोपित अमर नगर दस दुकान निवासी कुलदीप को नामजद किया गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।
इसी तरह उदयमंदिर थानाधिकारी सीताराम खोजा ने बताया कि राजीव गांधी कॉलोनी पाल लिंक रोड नंदनवन निवासी हिम्मत सिंह चौहान को गिरफ्तार किया गया है। उसने अपना खाता किराए पर दे रखा था। खाता दिसम्बर में ही खोला गया और उसमें तकरीबन 65 लाख के ट्रांजेक्शन का पता लगा। देश के महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली और साउथ से तकरीबन 11 साइबर शिकायतें मिले थी। उसके खाते में 65 लाख का लेन देन हुआ है। आरोपित दो दिन की पुलिस अभिरक्षा में है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

