एमडीएम अस्पताल में मरीज बन करता था रैकी, मौका मिलते ही चुरा लेता बाइक
जोधपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। कमिश्ररेट की जिला पश्चिम पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी एमडीएम अस्पताल में मरीज बनकर पहुंचता था और परिसर में खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी कर मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
गत 27 मार्च को मानपुरा झालामंड निवासी शंकरलाल ने एमडीएम अस्पताल से अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में लगातार जांच और वाहन चोरों की तलाश के बाद शास्त्रीनगर थाना पुलिस को सफलता मिली।
पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया और पुलिस उपायुक्त जोधपुर पश्चिम कमल शेखावत के निर्देशन में शहर में बढ़ती वाहन चोरी की वारदातों और विशेष रूप से एमडीएम अस्पताल परिसर से चोरी हुए वाहनों के खुलासे के लिए विशेष निर्देश दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और वृत्त पश्चिम के अधिकारियों के सुपरविजन में शास्त्रीनगर थानाधिकारी दिनेश लखावत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मानवीय आसूचना और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपी अभिषेक उर्फ पिंटू विश्नोई निवासी विश्नोइयों की ढाणी, सांवलता कल्ला, रोहट, पाली को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया।
मरीज बनकर करता था रैकी:
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिन के समय एमडीएम अस्पताल में मरीज बनकर पहुंचता और अस्पताल परिसर में घूमकर एकांत स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों की रैकी करता था। मरीजों और उनके परिजनों द्वारा जल्दबाजी में खड़ी की गई मोटरसाइकिलों को निशाना बनाकर आरोपी लॉक तोडक़र उन्हें चोरी कर लेता था। चोरी के बाद वाहनों को दूरदराज और सुनसान स्थानों पर छिपा देता था।
पुलिस ने आरोपी से प्रकरण में चोरी हुई मोटरसाइकिल सहित कुल 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
कार्रवाई में शास्त्रीनगर थानाधिकारी दिनेश लखावत, उपनिरीक्षक शैतान चौधरी, सहायक उपनिरीक्षक मजीद खान, चर्चलप्रकाश, हेड कांस्टेबल महेन्द्र चौधरी, कांस्टेबल फरसाराम सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रेस नोट के अनुसार कांस्टेबल फरसाराम की इस कार्रवाई में विशेष भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

