जेल में ड्यूटी पर पहुंचा प्रहरी खुद जर्दें की पुडिय़ों के साथ पकड़ा गया
जोधपुर, 21 फरवरी (हि.स.)। जोधपुर केंद्रीय कारागार में 20 फरवरी की रात ड्यूटी पर पहुंचा जेल प्रहरी खुद निषिद्ध सामग्री जर्दें की पुडिय़ों के साथ पकड़ा गया। तलाशी में कमर पर बंधी पॉलिथीन की थैली से पुडिय़ां मिली। मगर वह कुछ पुडिय़ों को फाड़ गया और फिर भाग गया। इस बारे में उसके खिलाफ महिला जेल प्रहरी ने रातानाडा थाने में रिपोर्ट दी है।
रातानाडा पुलिस के अनुसार जोधपुर केंद्रीय कारागार की महिला जेल प्रहरी किरण की तरफ से रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि 20 फरवरी की देर रात जेल में प्रहरियों की ड्यूटी ज्वाइंन में शिफ्ट बदलने पर जेल प्रहरी मुकेश कुमार पहुंचा था। मैन गेट पर जब आरएसी के एक जवानने उसकी तलाशी तब कमर पर बंधी संदिग्ध वस्तु नजर आई। इस पर कमर पर अंडरगारमेंट से चार पॉलिथीन की थैलियां मिली। जिसमें जर्दा भरा था। बाहर निकाले जाने पर मुकेश ने कुछ थैली फाड़ डाली जोकि बिखर गई। शेष जर्दा को जब्त किया गया। महिला जेल प्रहरी की रिपोर्ट की रिपोर्ट पर रातानाडा पुलिस ने केस दर्ज कर अब जांच आरंभ की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

